निष्पक्ष व्यापार नियामक सीसीआई ने मुरुगप्पा समूह की कंपनी कोरोमंडल इंटरनेशनल के एनएसीएल इंडस्ट्रीज में हिस्सेदारी खरीदने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
इस साल मार्च में कोरोमंडल इंटरनेशनल ने 820 करोड़ रुपये में एनएसीएल इंडस्ट्रीज लिमिटेड में 53 प्रतिशत की बहुलांश हिस्सेदारी खरीदने की घोषणा की थी।
एनएसीएल एक सूचीबद्ध इकाई है, जो कृषि-रसायन क्षेत्र में काम करती है। यह फसल सुरक्षा उत्पाद और सक्रिय तत्व प्रदान करती है।
भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (सीसीआई) ने एक विज्ञप्ति में कहा, “प्रस्तावित संयोजन में कोरोमंडल इंटरनेशनल लिमिटेड (सीआईएल) द्वारा एनएसीएल इंडस्ट्रीज लिमिटेड (एनएसीएल) में कुछ इक्विटी शेयरों का अधिग्रहण शामिल है।”
सीआईएल एक अग्रणी कृषि समाधान प्रदाता है। यह दो प्रमुख क्षेत्रों, पोषक तत्व और अन्य संबद्ध व्यवसायों और फसल सुरक्षा में काम करती है।
नियामक ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “सीसीआई ने कोरोमंडल इंटरनेशनल लिमिटेड द्वारा एनएसीएल इंडस्ट्रीज लिमिटेड में कुछ इक्विटी शेयरों के अधिग्रहण को मंजूरी दी है।”

