जैसे ही मॉनसून की दस्तक होती है, देशभर के किसान खरीफ फसलों की बुवाई में जुट जाते हैं। लेकिन अच्छी पैदावार के लिए बुवाई से पहले खेत की समुचित तैयारी बेहद जरूरी होती है। इसी तैयारी को आसान बनाने के लिए एक खास कृषि यंत्र रोटावेटर का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है।
क्या है रोटावेटर?
रोटावेटर एक आधुनिक कृषि उपकरण है, जो खेत की जुताई और सफाई का काम बेहद आसान और कम समय में कर देता है। इसमें लगे घूर्णनशील ब्लेड्स मिट्टी को तोड़कर भुरभुरा बना देते हैं, जिससे बुवाई के लिए उपजाऊ जमीन तैयार होती है। यह यंत्र खासतौर पर सूखी और सख्त मिट्टी को तैयार करने में मददगार होता है।
कैसे करता है काम?
खासतौर पर गर्मियों में रबी फसलों की कटाई के बाद खेत की मिट्टी सख्त हो जाती है। ऐसे में रोटावेटर उस सख्त मिट्टी को तोड़ता है और उसमें नमी बनाए रखने में मदद करता है। इसके अलावा, यह पुरानी फसल के बचे अवशेषों को भी साफ कर देता है, जिससे बुवाई के दौरान किसी तरह की रुकावट नहीं होती।
रोटावेटर के प्रमुख फायदे:
-
कम समय में खेत तैयार: पहले खेत की जुताई में काफी समय और मेहनत लगती थी, लेकिन रोटावेटर इस प्रक्रिया को आसान बना देता है।
-
मिट्टी की गुणवत्ता में सुधार: इसका उपयोग मिट्टी को भुरभुरा बनाता है, जिससे उसमें ऑक्सीजन का संचार बेहतर होता है।
-
फसल अवशेषों की सफाई: यह मशीन पुराने फसल के अवशेषों को जड़ से साफ कर देती है।
-
खरीफ फसलों के लिए उपयुक्त: खासतौर पर धान, मक्का, सोयाबीन जैसी खरीफ फसलों के लिए खेत की सही तैयारी में यह मशीन बेहद उपयोगी है।

