महिंद्रा ग्रुप के अंतर्गत आने वाले देश के प्रमुख ट्रैक्टर ब्रांड स्वराज ट्रैक्टर्स को राजस्थान सरकार द्वारा प्रतिष्ठित भामाशाह पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार स्वराज डिवीजन द्वारा राज्य में किए गए प्रभावशाली सामुदायिक विकास कार्यों को मान्यता देते हुए प्रदान किया गया है। विशेष रूप से वित्त वर्ष 2024-25 में जोधपुर जिले के सरकारी स्कूलों को मजबूत बनाने की दिशा में किए गए कार्यों के लिए यह सम्मान मिला है, जिनमें रूफटॉप वर्षा जल संचयन प्रणालियों की स्थापना और शिक्षण-सहायक सामग्री की उपलब्धता शामिल हैं।
यह सम्मान स्वराज डिवीजन की सतत विकास के प्रति गहरी प्रतिबद्धता और जल संकट एवं फ्लोराइड प्रदूषण जैसी ग्रामीण राजस्थान की जटिल समस्याओं के समाधान हेतु किए गए प्रयासों को दर्शाता है। सर्व मंगल ग्रामीण विकास संस्थान के सहयोग से स्वराज डिवीजन ने 78 गांवों, 20 ब्लॉकों और 8 जिलों में व्यापक अभियान चलाया, जिसमें समुदायों और पशुधन के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्धता के साथ-साथ कृषि के लिए सिंचाई सहयोग सुनिश्चित किया गया।
पिछले छह वर्षों में इस पहल के माध्यम से कई ठोस परिणाम सामने आए हैं:
- 18 पारंपरिक जल स्रोतों का जीर्णोद्धार किया गया, जिससे लगभग 3.72 मिलियन क्यूबिक मीटर जल का संचयन संभव हुआ।
- 57 सरकारी स्कूलों में रूफटॉप वर्षा जल संचयन टंकियों की स्थापना से 5.7 लाख लीटर स्वच्छ जल की आपूर्ति सुनिश्चित हुई।
- यह पहल अब तक 48,000 से अधिक ग्रामीणों, 37,000 से अधिक पशुधन और 3000 हेक्टेयर से अधिक कृषि भूमि को प्रत्यक्ष रूप से लाभ पहुंचा चुकी है।
स्वराज डिवीजन को मिला भामाशाह पुरस्कार इस बात का प्रमाण है कि कैसे एक कॉर्पोरेट संस्था स्थायित्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और ग्रामीण सशक्तिकरण को एक साथ जोड़कर आत्मनिर्भर गांवों की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती है।

