कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नई दिल्ली में एक महत्वपूर्ण बैठक कर मध्यप्रदेश में मूंग और उड़द तथा उत्तर प्रदेश में उड़द की कीमत समर्थन योजना (PSS) के तहत खरीद को मंजूरी दी। इसके साथ ही उन्होंने खरीद प्रक्रिया की रणनीति को लेकर मध्यप्रदेश और उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्रियों से वर्चुअल बैठक के माध्यम से संवाद किया।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने बताया कि मध्यप्रदेश सरकार के प्रस्ताव पर विचार करने के बाद केंद्र ने मूंग और उड़द की खरीद के लिए स्वीकृति दी है। इसी प्रकार, उत्तर प्रदेश में भी उड़द की खरीद के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।बैठक में मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह निर्णय केंद्र सरकार पर वित्तीय बोझ अवश्य डालेगा, लेकिन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार किसानों को उनकी फसलों का उचित मूल्य दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि खरीद की प्रक्रिया पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से होनी चाहिए, ताकि किसानों को वास्तविक लाभ मिल सके। सीधी खरीद को प्राथमिकता दी जानी चाहिए ताकि बिचौलियों की भूमिका को न्यूनतम किया जा सके।केंद्रीय कृषि मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि किसानों का समुचित पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए नई और प्रभावी तकनीकों का प्रयोग किया जाए। यदि आवश्यकता हो तो खरीद केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाए।
भंडारण में अनियमितताओं को लेकर चिंता जताते हुए उन्होंने अधिकारियों को सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए और कहा, “सिर्फ एक पारदर्शी प्रक्रिया ही किसानों को असली फायदा पहुंचा सकती है।“बैठक में मध्यप्रदेश के किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री ऐदल सिंह कंसाना, उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री श्री सूर्य प्रताप शाही, कृषि सचिव श्री देवेश चतुर्वेदी, NAFED व NCCF के प्रतिनिधि सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने आश्वस्त किया कि केंद्र सरकार किसानों के हित में हर संभव कदम उठाने के लिए प्रतिबद्ध है और राज्य सरकारों के साथ मिलकर यह सुनिश्चित करेगी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो।

