दीपक फर्टिलाइजर्स एंड पेट्रोकेमिकल्स कॉरपोरेशन लिमिटेड के मैनेजिंग डायरेक्टर शैलेश मेहता को फर्टिलाइजर एसोसिएशन ऑफ इंडिया (FAI) का नया अध्यक्ष चुना गया है। उन्होंने परादीप फॉस्फेट्स लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एन. सुरेश कृष्णन का स्थान लिया है, जो इससे पहले इस पद पर कार्यरत थे।
शैलेश मेहता उर्वरक और रसायन उद्योग में चार दशकों से भी अधिक का अनुभव रखते हैं। उन्होंने पांच वर्षों तक पश्चिमी क्षेत्र के लिए FAI के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है। इसके अलावा, वे डीएफ़पीसीएल की सहायक कंपनी महाधन एग्रीटेक लिमिटेड के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर भी हैं।
अपनी नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “सरकार, उद्योग और किसानों के बीच एक सेतु बनने का अवसर मिलना मेरे लिए सौभाग्य की बात है। मेरा उद्देश्य भारतीय किसानों की उत्पादकता को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने में योगदान देना है।”
उन्होंने यह भी कहा कि भारत ने खाद्यान्न संकट से एक अग्रणी कृषि निर्यातक बनने तक का अद्वितीय सफर तय किया है। इस बदलाव में उर्वरक उद्योग की अहम भूमिका रही है। अब यह उद्योग संतुलित और पोषक तत्वों से भरपूर उर्वरकों की दिशा में अग्रसर है, जिससे टिकाऊ कृषि विकास को बढ़ावा मिलेगा।
FAI,देशभर में उर्वरक निर्माताओं और आपूर्तिकर्ताओं की शीर्ष संस्था है, जो नीति निर्माण, अनुसंधान और उद्योग विकास में सक्रिय भूमिका निभाती है। शैलेश मेहता के नेतृत्व में संस्था के नवाचार, किसान सशक्तिकरण और टिकाऊ कृषि पद्धतियों को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।

