India’s Top 5 Royal Mangoes: गर्मियों का मौसम है और आम की मिठास हर किसी की जुबां पर चढ़ी है। भारत को ‘आम का देश’ कहा जाए तो गलत नहीं होगा, क्योंकि यहां सैकड़ों किस्म के आम उगाए जाते हैं। इनमें से कुछ किस्में देश ही नहीं, विदेशों में भी अपनी मिठास और खासियत के लिए मशहूर हैं। आइए जानते हैं भारत के 5 प्रसिद्ध आम, जो अपने स्वाद, आकार और सुगंध से दुनियाभर में लोगों का दिल जीत रहे हैं।
1. हापुस (अल्फांसो) – महाराष्ट्र
महाराष्ट्र के कोंकण क्षेत्र का अल्फांसो आम दुनियाभर में अपने शाही स्वाद और केसरिया रंग के लिए प्रसिद्ध है। इसे आमों का राजा कहा जाता है। खास बात यह है कि इसका छिलका पतला और गूदा रेशे रहित होता है। हापुस आम की सबसे ज्यादा मांग अमेरिका, यूरोप और खाड़ी देशों में होती है।
2. दशहरी – उत्तर प्रदेश
दशहरी आम की पैदावार मुख्य रूप से उत्तर प्रदेश के मलिहाबाद क्षेत्र में होती है। यह आम मध्यम आकार का होता है और इसकी मिठास मुंह में घुल जाती है। दशहरी आम की खास बात इसका सौम्य स्वाद और रेशेदार गूदा है, जो इसे आम खाने वालों की पहली पसंद बनाता है।
3. लंगड़ा – बनारस, उत्तर प्रदेश
लंगड़ा आम का इतिहास भी उतना ही रोचक है जितना इसका नाम। कहा जाता है कि बनारस में एक लंगड़े साधु ने इसकी पहली पौध लगाई थी, तभी से इसका नाम ‘लंगड़ा’ पड़ गया। इसका गूदा हरे रंग का रहता है और इसमें अलग ही मिट्टी की खुशबू होती है। इसका स्वाद तीखा और खासा मीठा होता है।
4. केसर – गुजरात
गुजरात के जूनागढ़ और गिर के इलाकों में पैदा होने वाला केसर आम अपने नाम की तरह ही रंग और स्वाद में केसरिया होता है। यह आम खासतौर पर मिठाइयों और आम्रस के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इसकी सुगंध दूर से ही लोगों को अपनी ओर खींच लेती है।
5. चौसा – बिहार और उत्तर भारत
चौसा आम का नाम सुनते ही आम प्रेमियों की जुबान पर मिठास आ जाती है। यह आम मुख्यतः बिहार, उत्तर प्रदेश और पंजाब में उगाया जाता है। इसका स्वाद बेहद मीठा और रस से भरपूर होता है। चौसा आम की खास बात यह है कि इसमें बहुत कम रेशा होता है और यह देर से पकता है, जिससे इसकी उपलब्धता अन्य आमों की तुलना में थोड़ी देर तक बनी रहती है।

