भारत सरकार द्वारा जनजातीय सशक्तिकरण और समावेशी शासन की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल करते हुए धरतीआबा जनभागीदारी अभियान की शुरुआत की गई है। यह अभियान देशव्यापी लाभ संतृप्ति (Benefit Saturation) अभियान के रूप में संचालित हो रहा है, जिसका उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री श्री जुएल उराम ने इस अभियान को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के “अंत्योदय” के सपने को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि हमारे जनजातीय भाई-बहन भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत के संरक्षक हैं और यह अभियान न केवल योजनाएं पहुंचाने का माध्यम है, बल्कि स्वाभिमान, सम्मान और ‘विकसित भारत‘ में भागीदारी का प्रतीक है।राज्य मंत्री श्री दुर्गा दास उईके ने कहा कि यह अभियान आकार, योजना और जनसहभागिता आधारित मॉडल में अब तक का सबसे बड़ा और प्रभावी प्रयास है। इसमें 549 जनजातीय बहुल जिलों, 207 विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह (PVTG) बहुल जिलों और लगभग 1 लाख गांवों व बस्तियों को शामिल किया गया है।
यह अभियान 15 जून से 30 जून 2025 तक चलाया जा रहा है और इसे प्रधानमंत्री जनजातीय न्याय महाअभियान (PM-JANMAN) और धरतीआबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DAJGUA) के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। यह पहल जनजातीय गौरव वर्ष के तहत चलाई जा रही है, जो जनजातीय समाज की सांस्कृतिक धरोहर और योगदान को सम्मानित करती है।
जिलास्तर पर प्रशासन की भागीदारी से गांव-स्तर पर लाभ वितरण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें निम्नलिखित सेवाएं शामिल हैं:
- आधार कार्ड पंजीकरण और अपडेट
- आयुष्मान भारत स्वास्थ्य कार्ड का वितरण
- जनधन खाता खुलवाना
- पीएम-किसान योजना में नामांकन
- पेंशन योजनाएं
- छात्रवृत्तियां और बीमा योजनाएं
- कौशल प्रशिक्षण एवं आजीविका कार्यक्रमों में भागीदारी
इस शिविर आधारित मॉडल के जरिए यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी पात्र जनजातीय परिवार वंचित न रह जाए।
अब तक 125 से अधिक जिलों के जिलाधिकारी और उपायुक्त स्थानीय पंचायतों, जनजातीय समुदाय के नेताओं और ज़मीनी कार्यकर्ताओं के सहयोग से पूर्व-प्रचार और जनजागरूकता अभियान प्रारंभ कर चुके हैं।
धरतीआबा जनभागीदारी अभियान जनसहभागिता, अंतिम छोर तक पहुंच और गरिमामयी जनजातीय जीवन के निर्माण का प्रतीक बन चुका है। यह पहल भारत के जनजातीय समाज के समावेशी विकास और सशक्तिकरण की दिशा में एक नया अध्याय रच रही है।

