वक्फ बिल के संसद से पास होने और राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के साथ कानून बनने के बाद से ही पूरे देश में अलग-अलग मुस्लिम संगठनों द्वारा विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है. पश्चिम बंगाल जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष सिद्दीकुल्लाह चौधरी के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन हो रहा है. सिद्दीकुल्लाह चौधरी ममता बनर्जी की पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री भी हैं.
सिद्दीकुल्लाह चौधरी ने कहा, “जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने वक्फ बिल के खिलाफ एक करोड़ लोगों द्वारा हस्ताक्षर किए जाने और प्रधानमंत्री मोदी को प्रस्ताव भेजने की कसम खाई है. बंगाल से एक करोड़ लोग इस पर हस्ताक्षर करेंगे और इसे नरेंद्र मोदी को भेजेंगे. आरएसएस और बीजेपी ने मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाने के लिए ऐसा किया है.”
जमीयत उलेमा-ए-हिंद बंगाल चैप्टर के अध्यक्ष सिद्दीकुल्ला चौधरी ने कोलकाता के रामलीला मैदान में इस विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है, जहां हजारों की संख्या में संगठन के लोग इकट्ठा हुए हैं.
बीजेपी नेता शहनवाज हुसैन ने कहा कि विपक्ष मुसलमानों को भड़काना चाह रहा है. पहले सीएए के मुद्दे पर भड़का रहे थे, अब वक्फ बिल पर भड़का रहे हैं.

