कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के यूपी में एंट्री से पहले इंडिया ब्लॉक को बड़ा झटका लगना तय हो गया है. आगामी लोकसभा चुनाव के लिए बीजेपी और आरएलडी के बीच अलायंस के फॉर्मूले पर लगभग सहमति बन गई है. किसी भी वक्त सीट अलायंस का ऐलान किया जा सकता है. बीजेपी और आरएलडी के शीर्ष नेतृत्व के बीच लंबे समय से बातचीत चल रही है. इसके पॉजिटिव नतीजे आने भी शुरू हो गए हैं.
सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी और आरएलडी में गठबंधन तय हो गया है. आरएलडी 2 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी. ये दो सीटें बागपत और बिजनोर होंगी. इसके अलावा, जयंत चौधरी की पार्टी RLD को एक राज्यसभा सीट भी दी जाएगी. दोनों दलों के बीच गठबंधन का ऐलान दो से तीन दिन में हो जाएगा. कांग्रेस की राहुल गांधी के नेतृत्व में न्याय यात्रा 14 फरवरी को यूपी के चंदौली में एंट्री करेगी. उसके बाद प्रदेश में 11 दिन तक यात्रा चलेगी.
बताते चलें कि विपक्षी दल लगातार दावा कर रहे हैं कि जयंत चौधरी और उनकी पार्टी RLD ‘इंडिया’ ब्लॉक का हिस्सा है और आम चुनाव में मिलकर लड़ेंगे. हालांकि, जयंत ने इस संबंध में चुप्पी साध रखी है. कहते हैं कि उन्होंने अपने दरवाजे दोनों तरफ खोल रखे थे.

