देशभर में खरीफ फसलों की बुवाई जोर पकड़ रही है और इसी के साथ उर्वरकों की मांग भी तेज हो गई है। इस बीच उत्तर प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने स्पष्ट किया है कि राज्य में खाद की कोई कमी नहीं है और सरकार समय से पहले तैयारी कर किसानों को हर जरूरी संसाधन उपलब्ध करा रही है।
कृषि मंत्री ने शुक्रवार को लखनऊ में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि अब तक राज्य में 27 लाख मीट्रिक टन यूरिया की उपलब्धता सुनिश्चित कर दी गई है, जबकि जुलाई में केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त 10 लाख मीट्रिक टन यूरिया भेजा जा रहा है, जिससे कुल उपलब्धता 37 लाख मीट्रिक टन तक पहुंच जाएगी।
खपत से ज्यादा है इस बार स्टॉक
पिछले साल खरीफ सीजन में यूरिया की खपत 32.84 लाख मीट्रिक टन रही थी, जबकि इस बार उपलब्ध स्टॉक इससे अधिक है। शाही ने कहा, “हमने उर्वरक की कालाबाजारी और अनियमितता पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। अब तक 26 लोगों पर FIR दर्ज की गई है और 580 खुदरा विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।”
DAP, NPK, SSP जैसे खादों की भी भरपूर उपलब्धता
मौजूदा स्टॉक स्थिति पर प्रकाश डालते हुए कृषि मंत्री ने जानकारी दी कि वितरण के बाद यूरिया (15 लाख मीट्रिक टन), DAP (2.90 लाख मीट्रिक टन), NPK (2.91 लाख मीट्रिक टन), MOP (0.77 लाख मीट्रिक टन) और SSP (3.14 लाख मीट्रिक टन) खाद उपलब्ध हैं।
सरकार हर स्तर पर चौकस
राज्य में कार्यरत 26 उर्वरक कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर सरकार ने खाद आपूर्ति की निगरानी और पारदर्शिता बढ़ाने पर जोर दिया है। शाही ने बताया कि निजी रेक पॉइंट से होने वाली यूरिया आपूर्ति में से 25% वितरण पीसीएफ (पीसीएफ) के जरिए कराया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और पहुंच बेहतर हो सके।
किसानों को समय पर मिलेंगे बीज और खाद
शाही ने कहा, “योगी सरकार की प्राथमिकता है कि किसानों को बीज और खाद समय पर व पर्याप्त मात्रा में मिलें। हर स्तर पर निगरानी की जा रही है ताकि खरीफ सीजन में किसानों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो।”

