भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे रेस्क्यू मिशन ‘ऑपरेशन सिंधु’ के तहत विदेश में फंसे भारतीय नागरिकों की वतन वापसी का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज एक और बड़ी सफलता मिली जब ईरान से 292 भारतीय नागरिक विशेष विमान के जरिए दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षित पहुंच गए।
अब तक इस ऑपरेशन के माध्यम से कुल 2300 से अधिक भारतीयों को स्वदेश लाया जा चुका है। सरकार ने इस अभियान को युद्धस्तर पर अंजाम देते हुए फंसे हुए नागरिकों की सुरक्षा और शीघ्र वापसी को प्राथमिकता दी है। विदेश मंत्रालय, भारतीय दूतावास और अन्य एजेंसियां मिलकर इस कार्य में जुटी हुई हैं।
विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने ट्वीट कर जानकारी दी कि – “हम हर भारतीय नागरिक की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। ऑपरेशन सिंधु के तहत अब तक 2300 से ज्यादा भारतीयों की वापसी हो चुकी है, और आज 292 और लोग अपने परिवारों से फिर से मिल पाए हैं।”
यह रेस्क्यू मिशन उस वक्त शुरू किया गया जब मध्य-पूर्व एशिया में हालात बिगड़ने लगे और बड़ी संख्या में भारतीय नागरिक ईरान के विभिन्न हिस्सों में फंसे हुए थे। ‘ऑपरेशन सिंधु’ के माध्यम से भारत ने फिर एक बार यह साबित किया है कि संकट की घड़ी में देश अपने नागरिकों को कभी अकेला नहीं छोड़ता।
फिलहाल सरकार बाकी बचे भारतीयों की भी जल्द सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है।

